रेल विकास के संघर्ष के 50 साल पूरे होने पर स्वर्ण जयंती महोत्सव मनाएगा प्रवासी संघ
- Yogi Bhandari
- Mar 6
- 2 min read

मुंबई। राजस्थान के रेल विकास और विस्तार के लिए पिछले पांच दशक से लगातार प्रयासरत संस्था राजस्थान मीटर गेज प्रवासी संघ अपना स्वर्ण जयंती महोत्सव धूमधाम से मनाने की तैयारी कर रहा है। स्वर्ण जयंती समारोह के साथ ही प्रवासी संघ अपने नाम परिवर्तन की घोषणा भी करेगा।
संघ अगले साल अपनी स्थापना के 50 वर्ष पूरे करने जा रहा है। आनेवाले कुछ ही दिनों में प्रवासी संघ राजस्थान की रेल परियोजनाओं और विकास कार्यों को तेजी से पूरे करने हेतु रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात करेगा। स्वर्ण जयंती महोत्सव को धूमधाम से मनाने के लिए प्रवासी संघ के अध्यक्ष विमल रांका के नेतृत्व में संस्था राजस्थान के सांसदों पीपी चौधरी, राजेंद्र गहलोत, नीरज डांगी, लुंबाराम चौधरी, सीपी जोशी, महिमा कुमारी, हनुमान बेनीवाल, उम्मेदाराम बेनीवाल और गजेंद्र सिंह शेखावत से भी संपर्क में है। संघ के उपाध्यक्ष सिद्धराज लोढ़ा ने बताया कि प्रवासी संघ की मुंबई में हाल ही में हुई बैठक में सभी सांसदों के जरिए रेल विकास के प्रस्तावों पर अमल करने में तेजी लाने और स्वर्ण जयंती महोत्सव में शामिल करने का प्रस्ताव पास किया गया। संघ के महामंत्री सुकन परमार का कहना है कि अपनी स्थापना से ही संस्था राजस्थान के उन प्रवासियों के लिए प्रयास करती रही है, तथा राजस्थान में रेल विकास इस संस्था के कई दशकों के संघर्षों और प्रयासों का परिणाम है। संस्था के सचिव निरंजन परिहार ने कहा कि प्रवासी संघ ने मीटर गेज रेल लाइनों की असुविधाओं को दूर करने और बेहतर रेल कनेक्टिविटी को बेहतर अमल करवाने में अहम भूमिका निभाई है। इस प्रक्रिया में लगभग 48 साल पहले से ही प्रवासी संघ सक्रिय है जो अंतत: ब्रॉड गेज कन्वर्जन में सफल हुआ, जिससे मारवाड़ से मुंबई का सफर आसान हुआ। इसलिए प्रवासी संघ के नाम से मीटरगेज शब्द हटाया जाएगा, क्योंकि राजस्थान में अब मीटर गेज रेल मार्ग बिल्कुल नहीं बचा है और मीटरगेज रेलमार्ग को ब्रॉड गेज बनवाने में प्रवासी संघ ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। प्रवासी संघ के कार्यकारिणी सदस्य कांति कितावत ने कहा कि मारवाड़ से मुंबई की यात्रा पहले काफी परेशानी भरी होती थी। मारवाड़ी समाज को एक लंबे आंदोलन के बाद नई ट्रेन, ब्रॉडगेज रेलमार्ग, स्टेशनों का विकास और डबल रेल लाइन मिली है।
उल्लेखनीय है कि पहले मुंबई और मारवाड़ के बीच अहमदाबाद में यात्रियों को दो-दो ट्रेनें बदलनी पड़ती थीं और सफर में 20 से 24 घंटे लगते थे। लेकिन अब सीधी ट्रेन होने से केवल 12 घंटे में मुंबई से मारवाड़ का सफर तय हो रहा है। ऐसी ही कई प्रमुख उपलब्धियां प्रवासी संघ के खाते में दर्ज है। इन्हीं उपलब्धियों के उत्सव के लिए प्रवासी संघ अपने 50 में स्थापना दिवस को बहुत धूमधाम से बनाने की तैयारी में लगा है। शताब्दी महोत्सव के आयोजन से संबंधित प्रवासी संघ के कार्यालय में अयोजित बैठक में संस्था के कोषाध्यक्ष प्रवीण गुंदेचा, मंत्री नरेंद्र मांडोत, कार्यकारिणी सदस्य कांति कितावत, रमेश चौपड़ा, सज्जन रांका, दिलीप परमार आदि उपस्थित थे।












Comments