top of page

उद्योगपति गणपत कोठारी राजस्थान फाउंडेशन मुम्बई के अध्यक्ष नियुक्त

Yogi Bhandari
Mar 6
2 min read

मुम्बई। राजस्थान फाउंडेशन उद्योग एवं वाणिज्य विभाग, राजस्थान सरकार के अंतर्गत एक संस्था है, जिसका उद्देश्य प्रवासी राजस्थानियों और उनके मातृप्रदेश के बीच निरंतर नए रिश्तों का निर्माण करना और पुराने संबंधों को सुदृढ़ करना है। माननीय मुख्यमंत्री, राजस्थान, राजस्थान फाउंडेशन के अध्यक्ष हैं। प्रवासी राजस्थानियों के साथ संवाद और सहभागिता हेतु मंच उपलब्ध कराने के लिए राजस्थान फाउंडेशन देश-विदेश के विभिन्न शहरों में अपने अध्याय स्थापित करता है। अब तक 26 अध्याय स्थापित किए जा चुके हैं, जिनमें से 14 भारत में हैं- भुवनेश्वर, दिल्ली, गुवाहाटी, पुणे, रांची, मुंबई, चेन्नई, अहमदाबाद, सूरत, बेंगलुरु, हैदराबाद, इंदौर, कोयंबटूर और कोलकाता। वहीं 12 अध्याय विदेशों में स्थापित हैं- दोहा (क़तर), दुबई (यूएई), कंपाला (युगांडा), मेलबर्न (ऑस्ट्रेलिया), म्यूनिख (जर्मनी), नैरोबी (केन्या), रियाद (सऊदी अरब), सिंगापुर, टोक्यो (जापान), काठमांडू (नेपाल), लंदन (यूके) और न्यूयॉर्क (यूएसए)। माननीय मुख्यमंत्री, राजस्थान (माननीय अध्यक्ष, राजस्थान फाउंडेशन)  ने उद्योगपति  गणपत कोठारी को राजस्थान फाउंडेशन के मुंबई अध्याय का अध्यक्ष नामित किया है। गणपत कोठारी को मुम्बई की कार्यकारिणी समिति के लिए सचिव, उपाध्यक्ष, संयुक्त सचिव, कोषाध्यक्ष तथा अन्य 10 सदस्यों की कार्यकारणी नियुक्त करने का अधिकार दिया है।


राजस्थान फाउंडेशन के मुंबई चैप्टर के नवनियुक्त अध्यक्ष गणपत कोठारी मुंबई, महाराष्ट्र, राजस्थान समेत देश-विदेश की तमाम सामाजिक, व्यावसायिक, शैक्षणिक, धार्मिक व सांस्कृतिक संस्थाओं से पिछले चार दशकों से जुडक़र अपने सामाजिक दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। महज मुंबई ही नहीं, महाराष्ट्र समेत देश- विदेश के सभी क्षेत्र के प्रवास राजस्थानियों के बीच गणपत कोठारी एक विश्वसनीय, प्रतिष्ठित तथा समाज के हर तबके के जनसेवक रूपी व्यक्तित्व के रूप में एक प्रतिष्ठित जनसेवी के नाम से जाने जाते हैं। 


गणपत कोठारी ने राजस्थान सरकार द्वारा इस प्रतिष्ठित और जिम्मेदारी पूर्ण सम्मान के लिए पूरी विनम्रता से राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, सभी वरिष्ठों, खासतौर पर राजस्थान फाउंडेशन की आयुक्त डॉ. मनीषा अरोड़ा (आईएएस) का आभार व्यक्त करते हुए कहा है कि आप सभी द्वारा जताए गए विश्वास की कसौटियों पर खरा उतरने की पूरी निष्ठा से कोशिश तो करूंगा ही, मुंबई, महाराष्ट्र समेत देश- विदेश के प्रवासी राजस्थानी अपनी कर्मभूमि के साथ ही अपनी मातृभूमि (राजस्थान) के चहुंमुखी विकास में अपना अधिकाधिक योगदान दें, इसके लिए राजस्थान फाउंडेशन सेतु और प्रेरणा का काम करे, यही हमारा प्रयास ही नहीं, अब मिशन होगा।





 
 
 

Comments


Top Stories

Bring Jewellery news straight to your inbox. Sign up for our daily Updates.

Thanks for subscribing!

  • Instagram
  • Facebook

© 2035 by Aabhushan Times. Powered and secured by Mayra Enterprise

bottom of page